जांजगीर-चांपा।(मनीष कुमार चंद्रा)/पुलिस विवेचना में लापरवाही के मामले में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, अपराध क्रमांक 196/2026, धारा 281, 125(1) बीएनएस की जांच में नामजद आरोपी के स्थान पर उसके भाई को आरोपी बनाकर जमानत मुचलके पर छोड़ दिया गया।
नामजद आरोपी की जगह भाई को बनाया आरोपी..
पुलिस के अनुसार, प्रकरण की जांच में पाया गया कि नामजद आरोपी चंद्रशेखर यादव उर्फ मंझला, निवासी ग्राम गंगाजल के स्थान पर उसके भाई चंद्र कुमार यादव को प्रकरण में आरोपी बनाया गया। इसके बाद उसे जमानत मुचलके पर छोड़ दिया गया।
मामले में विवेचना की प्रक्रिया की जांच के दौरान प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आने पर पुलिस अधीक्षक ने संबंधित विवेचक के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
थाने से रक्षित केंद्र संबद्ध, विभागीय जांच के आदेश…
विवेचना में लापरवाही पाए जाने पर सहायक उपनिरीक्षक रामकृष्ण आदित्य को थाना नवागढ़ से हटाकर रक्षित केंद्र संबद्ध किया गया है। साथ ही उनके विरुद्ध विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि विवेचना में किसी भी तरह की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा और जांच प्रक्रिया में जिम्मेदारी तय कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



