धूरकोट में तालाब किनारे तेज रफ्तार ट्रक पलटा, चालक घायल
पेड़ से टकराकर पलटा सीमेंट लोड ट्रक; डायल 112 की टीम ने घायल चालक को जिला अस्पताल पहुंचाया
जांजगीर-चांपा। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम धूरकोट के पास तालाब किनारे मंगलवार को तेज रफ्तार सीमेंट लोड ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रक चालक को गंभीर चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, सीमेंट से लदा ट्रक धूरकोट के तालाब के पास पहुंचा था। इसी दौरान तेज रफ्तार के चलते वाहन अनियंत्रित हो गया और तालाब किनारे लगे पेड़ से टकराने के बाद पलट गया।
दुर्घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम से राकेश कुर्रे मौके पर पहुंचे। टीम ने घायल चालक को तत्काल बाहर निकालकर उपचार के लिए जिला अस्पताल जांजगीर पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
हादसे के कारणों को लेकर फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।



