जांजगीर-चांपा में आत्महत्या की दो घटनाएं: नाले में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, 10वीं के छात्र ने घर में फांसी लगाई
नाले में मिला 40 वर्षीय युवक का शव, अकलतरा में 18 वर्षीय छात्र की मौत; दोनों मामलों में पुलिस जांच जार
जांजगीर-चांपा। जिले में आत्महत्या की दो अलग-अलग घटनाओं से सनसनी फैल गई। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम बनारी में कांजी नाले के पास पेड़ से फांसी पर लटका 40 वर्षीय युवक का शव मिला। वहीं अकलतरा थाना क्षेत्र के ग्राम खिसोरा में 10वीं कक्षा के 18 वर्षीय छात्र ने घर के कमरे में फांसी लगा ली। दोनों मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
कांजी नाले में पेड़ से लटका मिला युवक..
ग्राम बनारी में कांजी नाले के पास पेड़ से फांसी पर लटका युवक का शव मिलने की सूचना गांव के कोटवार ने पुलिस को दी। सूचना पर सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर जांच शुरू की।
मृतक की पहचान उसके पास मिले मोबाइल फोन के आधार पर नंद कुमार वर्मा (40) के रूप में हुई। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा।
मृतक के बड़े भाई के अनुसार, नंद कुमार मानसिक रूप से कमजोर था और 17 सितंबर से घर से लापता था। वह घर से निकलने के बाद वापस नहीं लौटा था। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है।
10वीं के छात्र ने कमरे में लगाई फांसी…
दूसरी घटना अकलतरा थाना क्षेत्र के ग्राम खिसोरा की है। यहां आयुष भारद्वाज (18) ने बीती रात घर के कमरे में फांसी लगा ली। सूचना मिलने पर अकलतरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस के अनुसार, कमरे की तलाशी के दौरान एक कथित सुसाइड नोट मिला है। इसमें छात्र ने खुद को नशे का आदी होने और इससे परेशान होने की बात लिखी है। नोट में उसने अपने माता-पिता से माफी मांगने की बात भी लिखी है।
पुलिस ने कथित सुसाइड नोट जब्त कर लिया है। दोनों मामलों में पुलिस की जांच जारी है।



