जांजगीर-चांपा। कोतवाली पुलिस ने ग्राम बनारी में जुआ फड़ पर कार्रवाई करते हुए 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से 4 लाख 28 हजार 420 रुपए नगद, ताश की पत्तियां और अन्य सामग्री जब्त की गई है। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, 20 सितंबर को कोतवाली पुलिस की पेट्रोलिंग टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बनारी मेन रोड से अंदर एक मकान में कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने के बाद कोतवाली और रिस्पांस टीम की संयुक्त टीम बनाई गई।
घेराबंदी कर पकड़े गए 9 जुआरी..
पुलिस टीम ने मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान की घेराबंदी कर रेड की कार्रवाई की। मौके से 9 लोगों को पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक, तलाशी के दौरान उनके कब्जे से कुल ₹4,28,420 नगद, ताश की पत्तियां और अन्य सामग्री बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान..
भैरव मिश्रा उर्फ मोगली (44), अखिलेश राठौर (36), रामनारायण राठौर (55), धीरज पाठक (42), राहुल बजाज (37), तालिब खान (40), अविनाश राठौर (39), मुकेश बजाज (45) और कृष्ण कुमार चंद्र (38) के रूप में हुई है। सभी जांजगीर-नैला क्षेत्र के अलग-अलग वार्डों के निवासी बताए गए हैं।
मकान मालिक के खिलाफ भी होगी कार्रवाई…
पुलिस ने बताया कि जिस मकान में जुआरियों को पकड़ा गया है, उसके मकान मालिक के संबंध में भी जांच की जा रही है। जांच के आधार पर उसके विरुद्ध पृथक से वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यॉर्क और नगर पुलिस अधीक्षक योगिताबाली खापर्डे के मार्गदर्शन में तथा थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में की गई।
पुलिस ने कहा है कि आमजन की सुरक्षा, शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के चेकिंग और धरपकड़ अभियान आगे भी जारी रहेंगे।



