रक्षाबंधन पर बहन नहीं पहुंची तो खुला सेप्टिक टैंक कांड: लिव-इन पार्टनर पर हत्या कर शव टैंक में छिपाने का आरोप
कोरबा। जिले के श्यांग थाना क्षेत्र के ग्राम बरपाली में महिला की हत्या कर शव सेप्टिक टैंक में छिपाने का मामला सामने आया है। करीब एक महीने बाद रक्षाबंधन पर महिला के मायके नहीं पहुंचने और परिजनों की तलाश के बाद घटना का खुलासा हुआ। पुलिस के अनुसार, महिला करीब दो साल से आरोपी युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी।
जानकारी के अनुसार, संतोषी (33) करीब दो साल से मनोज उरांव के साथ बरपाली में रह रही थी। बताया जा रहा है कि 27 अगस्त को मनोज नशे की हालत में घर पहुंचा था। किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि मनोज ने संतोषी के साथ मारपीट की। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया, लेकिन देर शाम दोबारा मारपीट हुई। आरोप है कि इसी दौरान संतोषी की मौत हो गई।
इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर शव को घर की बाड़ी में बने सेप्टिक टैंक में डालकर ढक्कन बंद कर दिया।
रक्षाबंधन पर घर नहीं पहुंची तो भाइयों को हुआ शक..
28 अगस्त को रक्षाबंधन के मौके पर संतोषी अपने भाइयों के घर नहीं पहुंची। परिजनों ने मनोज से संपर्क किया तो उसने संतोषी के एक दिन पहले ही घर से चले जाने की बात बताई। कई दिन बीतने के बाद भी जब संतोषी का पता नहीं चला तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
शनिवार को भाई रामभरोस सहित परिजन मनोज के घर पहुंचे। बाड़ी की ओर जाने पर उन्हें सेप्टिक टैंक का ढक्कन अधखुला दिखाई दिया और दुर्गंध भी महसूस हुई। संदेह होने पर पुलिस को सूचना दी गई।
टैंक से बरामद हुआ सड़ी-गली हालत में शव
सूचना पर श्यांग थाना प्रभारी लक्ष्मण खूंटे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। रविवार सुबह कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में सेप्टिक टैंक खोला गया। टैंक के अंदर से सड़ी-गली हालत में महिला का शव बरामद हुआ।
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक एक्सपर्ट और मेडिकल कॉलेज की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक सैंपल लिए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारण और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।
5 सितंबर से आरोपी फरार…
बताया जा रहा है कि घटना के बाद से आरोपी मनोज उरांव घर में ताला लगाकर 5 सितंबर से फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
परिजनों के अनुसार, संतोषी का विवाह वर्ष 2001 में करतला क्षेत्र में हुआ था। उसके चार बच्चे हैं। करीब 15 वर्ष पहले पति की मौत के बाद वह ससुराल में रह रही थी। करीब तीन वर्ष पहले उसकी मनोज से पहचान हुई और पिछले दो वर्षों से वह उसके साथ रह रही थी।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों के सामने आने की संभावना है।



