सभी समाजों को साथ लेकर चलने वाला समाज है साहू समाज : वीणा सिंह
जिला साहू संघ का तीज महोत्सव संपन्न, प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान सहित विभिन्न आयोजन
राजनांदगांव। जिला साहू संघ के तत्वावधान में हरितालिका तीज महोत्सव-2026 का आयोजन रविवार को जिला साहू सदन बसंतपुर में उत्साह और सामाजिक एकजुटता के साथ किया गया। सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित महोत्सव में प्रतिभा सम्मान समारोह, परिवार संस्कार कार्यशाला, विभिन्न खेल एवं रचनात्मक प्रतियोगिताएं, निःशुल्क चिकित्सा परामर्श और रक्तदान शिविर आयोजित किए गए।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि समाजसेवी श्रीमती वीणा सिंह ने कहा कि साहू समाज हमेशा सभी समाजों को साथ लेकर चलने वाला समाज रहा है। समाज ने कभी किसी को तकलीफ देने का काम नहीं किया, बल्कि सभी को साथ लेकर आगे बढ़ने और एक-दूसरे का सहयोग करने की भावना को बढ़ावा दिया है।
उन्होंने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने हमेशा साहू समाज का सम्मान किया है और समाज की ओर से समय-समय पर रखी गई मांगों को पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा।
महोत्सव में कक्षा 10वीं एवं 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। परिवार संस्कार कार्यशाला में पारिवारिक मूल्यों, संस्कार, आपसी संवाद, जिम्मेदारियों और सामाजिक समरसता पर मार्गदर्शन दिया गया।
कार्यक्रम में कुर्सी दौड़, रस्सा खींच, मटका फोड़, रंगोली एवं मेहंदी सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। नवजीवन हॉस्पिटल के सहयोग से निःशुल्क चिकित्सा परामर्श शिविर तथा मां कर्मा रक्तवीर क्लब के सहयोग से रक्तदान शिविर भी लगाया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला साहू संघ अध्यक्ष नोबल साहू ने की। प्रमुख अतिथि के रूप में प्रदेश साहू संघ अध्यक्ष डॉ. नीरेन्द्र साहू एवं छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती ममता साहू उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथियों में राजगामी सम्पदा अध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा साहू, प्रदेश साहू संघ उपाध्यक्ष श्रीमती साधना साहू, संगठन सचिव श्रीमती चन्द्रवती साहू, प्रदेश संयोजिका महिला प्रकोष्ठ श्रीमती दिव्या कलिहारी, पूर्व विधायक खुज्जी श्रीमती छन्नी साहू, श्रीमती पूनम साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती किरण साहू, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती विभा साहू एवं श्रीमती देवकुमारी साहू सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
महिला प्रकोष्ठ, अधिकारी-कर्मचारी प्रकोष्ठ, चिकित्सा प्रकोष्ठ, नगर साहू संघ एवं तहसील साहू संघ के सहयोग से आयोजित महोत्सव सामाजिक एकता, संस्कार, प्रतिभा सम्मान और सेवा भावना का संदेश देते हुए संपन्न हुआ।



