बाराद्वार रेलवे स्टेशन की सुविधाएं बढ़ाने सांसद ने लिखा पत्र यात्री सुविधाओं के विस्तार से लेकर ट्रेनों के ठहराव और अंडरब्रिज निर्माण की उठाई मांग
सक्ति । क्षेत्रीय सांसद कमलेश जांगड़े ने बिलासपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक को पत्र लिखकर बाराद्वार रेलवे स्टेशन सहित संसदीय क्षेत्र में रेलवे सुविधाओं के विस्तार और यात्री सुविधाओं में सुधार की मांग की है। सांसद ने पत्र में क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही रेलवे संबंधी समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए शीघ्र निराकरण की मांग की है।
सांसद ने बाराद्वार रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की संख्या बढ़ाने के साथ रेलवे फाटक के लंबे समय तक बंद रहने की समस्या का समाधान करने के लिए आरओबी का काम तत्काल शुरू कराने की मांग की है। वहीं भागोडीह रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरब्रिज निर्माण की मांग भी रखी गई है।
बाराद्वार स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक 1, 2 और 3 से डोलोमाइट लोडिंग बंद कराने की मांग करते हुए सांसद ने बताया कि इससे क्षेत्र में भारी प्रदूषण फैल रहा है और स्थानीय आबादी प्रभावित हो रही है।
इसके अलावा बाराद्वार में शालीमार-मुंबई मेल का स्टॉपेज, जनपद स्कूल व आसपास की रेलवे भूमि पर सीसी रोड और नाली निर्माण की मांग की गई है। सारागांव-देवरी स्टेशन पर रायगढ़-बिलासपुर पैसेंजर ट्रेन का ठहराव तथा नैला में लिफ्टयुक्त नए एफओबी के निर्माण की मांग भी पत्र के माध्यम से की गई है।
सांसद ने रेलवे अधिकारियों से इन मांगों पर जल्द कार्रवाई की अपेक्षा जताई है, ताकि क्षेत्र के यात्रियों और आम लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।



