चांपा के स्पर्श पांडे ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में लहराया तिरंगा, भारत ने नेपाल को 4-1 से हराकर जीता
इंडो-नेपाल अंडर-17 फुटबॉल चैंपियनशिप | मानका पब्लिक स्कूल के छात्र स्पर्श का शानदार प्रदर्शन, जिले का बढ़ाया मान
जांजगीर-चांपा जिले के चांपा निवासी युवा फुटबॉलर स्पर्श पांडे ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर जिले और पूरे छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है। स्पोर्ट्स डेवलपमेंट एंड प्रमोशन फेडरेशन द्वारा आयोजित इंडो-नेपाल अंडर-17 फुटबॉल चैंपियनशिप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए स्पर्श ने टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। फाइनल मुकाबले में भारत ने नेपाल को 4-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
मानका पब्लिक स्कूल, चांपा के कक्षा 12वीं के छात्र स्पर्श पांडे पूरे मुकाबले के दौरान मैदान पर डटे रहे। उन्होंने मैच में 12 सफल पास और एक महत्वपूर्ण असिस्ट देकर भारतीय टीम की जीत में उल्लेखनीय योगदान दिया। उनके प्रदर्शन की कोच, साथी खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने जमकर सराहना की।
भारत की इस ऐतिहासिक जीत के बाद जांजगीर-चांपा सहित पूरे छत्तीसगढ़ में खुशी का माहौल है। जिले के विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक और खेल संगठनों ने स्पर्श पांडे को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
अपनी सफलता पर स्पर्श पांडे ने इस उपलब्धि का श्रेय अपने कोच, माता-पिता मनमोहन पांडेय और महिमामा पांडेय, विद्यालय परिवार तथा सभी वरिष्ठजनों के मार्गदर्शन और सहयोग को दिया। स्पर्श की यह उपलब्धि जिले के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बन गई है और उम्मीद है कि वे भविष्य में भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन करते रहेंगे।



