कन्या शाला हसौद में छात्राओं को साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और यातायात नियमों की दी गई जानकारी
हसौद। थाना हसौद पुलिस द्वारा शासकीय कन्या शाला हसौद में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्राओं को साइबर अपराध, महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम तथा यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में प्रधान पाठक विश्वासनाथ टंडन एवं विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं की उपस्थिति में छात्राओं को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, साइबर फ्रॉड से बचाव के उपाय तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना देने के बारे में बताया गया।
इसके साथ ही महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों, महिला अपराधों की शिकायत की प्रक्रिया तथा छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। सड़क सुरक्षा के तहत हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, यातायात संकेतों का पालन करने और नाबालिगों द्वारा वाहन नहीं चलाने के संबंध में भी जानकारी दी गई।
इस दौरान प्रधान आरक्षक क्रमांक 18 योगेश्वर बंजारे एवं महिला आरक्षक क्रमांक 394 गुरवारी दिनेश (थाना हसौद) ने उपस्थित छात्राओं को विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से जागरूक करते हुए सतर्क और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं से सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, महिला सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई।



