संभागायुक्त सुनील जैन का सक्ती दौरा: बंदोरा स्कूल में लगाया चीकू का पौधा, जनपद पंचायत मालखरौदा का किया औचक निरीक्षण
बिलासपुर संभागायुक्त सुनील जैन ने गुरुवार को सक्ती जिले के प्रवास के दौरान विकासखंड मालखरौदा के ग्राम पंचायत बंदोरा और जनपद पंचायत मालखरौदा का औचक निरीक्षण कर शिक्षा, स्वच्छता और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को शासन की योजनाओं का लाभ समयबद्ध और प्रभावी ढंग से आम नागरिकों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

ग्राम पंचायत बंदोरा पहुंचकर संभागायुक्त ने पंचायत भवन की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और उनकी सराहना की। इसके बाद उन्होंने शासकीय लाल बहादुर शास्त्री उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का दौरा कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विद्यालय परिसर में चीकू का पौधा रोपा। उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों और ग्रामीणों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की।
निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर पढ़ाई, शिक्षण व्यवस्था और विद्यालय की सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन बनाए रखने और अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी। साथ ही विद्यालय परिसर की साफ-सफाई पर संतोष जताते हुए इसे लगातार बनाए रखने तथा विद्यार्थियों को एनसीईआरटी की पुस्तकों से अध्ययन कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि “शिक्षा समाज के विकास का सबसे सशक्त माध्यम है। विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और लगन ही उन्हें सफलता की ओर ले जाती है।”
इसके बाद संभागायुक्त ने जनपद पंचायत मालखरौदा का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न शाखाओं में चल रहे कार्यों, नागरिक सुविधाओं, प्रशासनिक व्यवस्थाओं और शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। इस दौरान कार्यालय परिसर में निर्माणाधीन प्रशिक्षण भवन का भी निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने जनपद पंचायत की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए अधिकारियों-कर्मचारियों से योजनाओं का लाभ समय पर हितग्राहियों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर कलेक्टर अमृत विकास तोपनो, पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी वासु जैन, उप आयुक्त स्मृति तिवारी, उप आयुक्त श्री चौहान, अपर कलेक्टर बीरेंद्र लकड़ा, जनपद पंचायत मालखरौदा के अध्यक्ष कवि वर्मा, जनपद पंचायत मालखरौदा के उपाध्यक्ष रितेश साहू,ग्राम पंचायत बंदोरा के सरपंच सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



