ब्रिलिएंट पब्लिक स्कूल, बनारी (जांजगीर) में गुरु पूर्णिमा पर विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन
ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल, बनारी, जांजगीर में संस्था संचालक श्री आलोक अग्रवाल, डाॅ. गिरिराज गढ़ेवाल एवं संस्था प्राचार्या श्रीमती सोनाली सिंह जी के निर्देशन में दिनांक- 29 जुलाई 2026 को गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर विशेष सांस्कृतिक एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व से परिचित कराना तथा अपने गुरुओं के प्रति सम्मान, श्रद्धा एवं कृतज्ञता की भावना विकसित करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ गुरु वंदना के साथ हुआ। विद्यालय के संगीत विभाग के विद्यार्थियों ने मधुर एवं भावपूर्ण गीत ष्गुरु की महिमाष् प्रस्तुत कर सभी उपस्थितजनों का मन मोह लिया। गीत के माध्यम से विद्यार्थियों ने यह संदेश दिया कि गुरु ही वह प्रकाश हैं, जो अज्ञान रूपी अंधकार को दूर कर जीवन को सही दिशा प्रदान करते हैं।
इसके पश्चात विद्यालय के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने गुरु की महत्ता पर आधारित संस्कृत श्लोकों का सस्वर एवं प्रभावशाली वाचन किया। बालकों की मनमोहक प्रस्तुति ने सभी को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, स्पष्ट उच्चारण तथा सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति उनकी जागरूकता की सराहना की।
इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिका हन्ना देवी ने विद्यार्थियों को गुरु पूर्णिमा के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि गुरु केवल शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि वे अपने शिष्यों के व्यक्तित्व, चरित्र एवं संस्कारों का भी निर्माण करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने माता-पिता एवं शिक्षकों का सदैव सम्मान करने तथा उनके बताए मार्ग पर चलकर जीवन में सफलता प्राप्त करने का संदेश दिया। साथ ही उन्होंने सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को गुरु पूर्णिमा की हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर श्रद्धा, उत्साह एवं सांस्कृतिक वातावरण से सराबोर दिखाई दिया। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह एवं अनुशासन के साथ कार्यक्रम में सहभागिता निभाई। विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति में गुरु के सर्वोच्च स्थान को अत्यंत प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया गया।
विद्यालय के संचालकगण, प्राचार्य, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य कार्यक्रम में उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों की उत्कृष्ट प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, अनुशासन, संस्कार एवं भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति सम्मान की भावना को सुदृढ़ करते हैं।
कार्यक्रम का समापन गुरुजनों के प्रति सामूहिक सम्मान एवं आभार प्रकट करते हुए राष्ट्रगान के साथ हुआ। गुरु पूर्णिमा का यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए न केवल सांस्कृतिक अनुभव रहा, बल्कि उन्हें गुरु के प्रति श्रद्धा, समर्पण एवं कृतज्ञता का अमूल्य संदेश भी प्रदान कर गया।



