रेलवे सुरक्षा होगी और मजबूत: स्टेशनों पर लगेंगे CCTV-FRS कैमरे, नशा तस्करी रोकने बनेगी संयुक्त टीम
आईजी रामगोपाल गर्ग ने रेलवे सुरक्षा समिति की बैठक में दिए सख्त निर्देश, सक्ती समेत 6 जिलों के पुलिस अधिकारियों ने लिया हिस्सा

सक्ति । बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) श्री रामगोपाल गर्ग ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से रेलवे सुरक्षा समिति की संयुक्त समीक्षा बैठक ली। बैठक में रेलवे सुरक्षा बल (RPF), शासकीय रेल पुलिस (GRP) तथा बिलासपुर, रायगढ़, कोरबा, जांजगीर-चांपा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और सक्ती जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शामिल हुए।
बैठक में रेलवे स्टेशनों पर आधुनिक सुरक्षा व्यवस्था लागू करने के लिए CCTV कैमरे और फेसियल रिकग्निशन सिस्टम (FRS) लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी जिला पुलिस अधीक्षकों को एक माह के भीतर आदतन अपराधियों, नशा तस्करों और लापता बच्चों का डाटाबेस RPF को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, ताकि अपराधियों की पहचान और निगरानी प्रभावी ढंग से की जा सके।
आईजी ने ट्रेनों के माध्यम से गांजा, हेरोइन, सिंथेटिक ड्रग्स तथा अन्य मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए RPF, GRP और जिला पुलिस की संयुक्त सरप्राइज चेकिंग टीम गठित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा रेलवे संपत्ति की चोरी और अवैध कबाड़ कारोबार पर RPUP एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई करने को कहा गया।
बैठक में रेलवे स्टेशन परिसरों में रात्रि के समय असामाजिक तत्वों के जमावड़े पर रोक लगाने, रात में रुकने वाली ट्रेनों की 100 प्रतिशत जांच सुनिश्चित करने तथा लावारिस वाहनों की सघन जांच के निर्देश भी दिए गए।
महिलाओं की सुरक्षा, चोरी और मानव तस्करी जैसी घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई के लिए ‘रेल मदद’ ऐप और RPF के सूचना नेटवर्क की सराहना की गई। वहीं रेलवे वाई-फाई के दुरुपयोग से साइबर अपराध करने वालों पर निगरानी रखने के लिए विशेष साइबर मॉक ड्रिल आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में सक्ती जिले के जेठा रेलवे अंडरब्रिज की तकनीकी खामियों की जांच के लिए संयुक्त सर्वे टीम गठित करने का निर्णय लिया गया। साथ ही पेंड्रा, खरसिया और सक्ती में ट्रैफिक जाम की समस्या के समाधान के लिए फ्लाईओवर प्रस्तावों पर चर्चा हुई। बाराद्वार में संडे मार्केट के दौरान रेलवे फाटक पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात करने का भी निर्णय लिया गया।
आईजी श्री रामगोपाल गर्ग ने सभी अधिकारियों को निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि रेलवे क्षेत्र में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।



