जांजगीर-चांपा साइबर थाना पुलिस ने ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए 11वीं बटालियन में पदस्थ एक आरक्षक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपने ही साथी आरक्षक का मोबाइल चोरी कर उसके बैंक खाते से ₹4.87 लाख निकाल लिए। पुलिस के अनुसार आरोपी ऑनलाइन गेम खेलने का आदी था और उसने अधिकांश रकम गेम में खर्च कर दी।
पुलिस के मुताबिक, बलरामपुर-रामानुजगंज निवासी सुधीर कुमार सिंह (41), जो 11वीं बटालियन जांजगीर में आरक्षक के पद पर पदस्थ हैं, ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 23 अप्रैल 2026 की रात उन्होंने अपना मोबाइल बैरक में चार्जिंग पर लगाया था, जो बाद में गायब हो गया। कुछ दिनों बाद बैंक खाते की जांच करने पर पता चला कि 24 अप्रैल से 3 मई 2026 के बीच उनके खाते से ऑनलाइन माध्यम से ₹4,87,911 की अनधिकृत निकासी हो चुकी है।
जांच के दौरान संदेह 11वीं बटालियन में पदस्थ आरक्षक सुनील कुमार यादव पर गया। पूछताछ में आरोपी ने मोबाइल चोरी करने, मोबाइल में उपलब्ध आधार नंबर की मदद से यूपीआई आईडी बनाकर बैंक खाते से रकम निकालने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 303(2) तथा आईटी एक्ट की धारा 66-सी और 66-डी के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
साइबर थाना पुलिस का कहना है कि आरोपी ऑनलाइन गेम की लत के कारण चोरी की रकम गेमिंग में खर्च करता था। मामले की जांच जारी है।



