जांजगीर-चांपा फोरलेन सड़क की मांग को मिली रफ्तार, वित्त मंत्री ने मांगा प्रस्ताव…..
जांजगीर-चांपा। जिले की बहुप्रतीक्षित जांजगीर-चांपा फोरलेन सड़क निर्माण की मांग को लेकर एक महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिले के प्रभारी मंत्री एवं छत्तीसगढ़ शासन के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी के समक्ष यह मांग प्रमुखता से रखी गई, जिस पर उन्होंने सकारात्मक रुख अपनाते हुए जिला प्रशासन को विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष अंबेश जांगड़े, पूर्व सांसद कमला पाटले, पूर्व विधायक चुन्नीलाल साहू, जिला महामंत्री नंद चौधरी, भाजपा प्रवक्ता विकास शर्मा एवं मंडल अध्यक्ष हितेश यादव ने वित्त मंत्री के समक्ष जांजगीर से चांपा तक फोरलेन सड़क निर्माण की आवश्यकता को विस्तार से रखा।
जनप्रतिनिधियों ने बताया कि जांजगीर-चांपा मार्ग जिले के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल है, जहां प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है। वर्तमान सड़क पर लगातार बढ़ते यातायात दबाव के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। ऐसे में फोरलेन सड़क निर्माण क्षेत्र की प्रमुख आवश्यकता बन गई है।
मांग को गंभीरता से लेते हुए वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने जिला कलेक्टर को इस परियोजना का विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार क्षेत्रीय विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है तथा इस महत्वपूर्ण मांग पर सकारात्मक विचार किया जाएगा।
फोरलेन सड़क बनने से जांजगीर और चांपा के बीच यातायात व्यवस्था अधिक सुगम होगी। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी आने की संभावना है। व्यापार, उद्योग, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच भी आसान होगी, जिससे दोनों विधानसभा क्षेत्रों के विकास को नई गति मिलेगी।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों का मानना है कि यह परियोजना जिले के आर्थिक और सामाजिक विकास के लिए मील का पत्थर साबित हो सकती है। सड़क चौड़ीकरण से माल परिवहन, औद्योगिक गतिविधियों और आम नागरिकों की आवाजाही को भी बड़ा लाभ मिलेगा।
भाजपा नेताओं ने इस महत्वपूर्ण मांग पर त्वरित संज्ञान लेने और सकारात्मक पहल करने के लिए वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी का आभार व्यक्त किया है। अब जिलेवासियों की नजर प्रशासन द्वारा तैयार किए जाने वाले प्रस्ताव और आगे की स्वीकृति प्रक्रिया पर टिकी हुई है।



