भाजपा युवा मोर्चा मंडल उपाध्यक्ष पर पॉक्सो एक्ट के तहत FIR, 13 दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं
सक्ती। जिले में नाबालिग से छेड़छाड़ के गंभीर मामले ने राजनीतिक और प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। भाजपा युवा मोर्चा के मंडल उपाध्यक्ष आदित्य कश्यप उर्फ टीनी के खिलाफ चंद्रपुर थाना में 1 मई 2026 को FIR दर्ज की गई थी। पुलिस ने आरोपी पर पॉक्सो एक्ट तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला कायम किया है।
पीड़िता के परिजनों के अनुसार आरोपी ने नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़ करने के साथ गाली-गलौज भी की थी। घटना के बाद परिवार ने पुलिस से न्याय की मांग करते हुए शिकायत दर्ज कराई। मामला दर्ज होने के बावजूद 13 दिन बीत जाने के बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों का आरोप है कि राजनीतिक दबाव के कारण पुलिस कार्रवाई करने से बच रही है। लोगों का कहना है कि आम मामलों में त्वरित कार्रवाई करने वाली पुलिस इस मामले में धीमी नजर आ रही है, जिससे कानून व्यवस्था की निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं पर जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं पीड़ित पक्ष जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहा है।



