हथनेवरा के होटल में 70 हजार की चोरी, CCTV में कैद हुए दो संदिग्ध युवक
लाला होटल का ताला तोड़कर नकदी पार | पुलिस फुटेज के आधार पर तलाश में जुटी
रिपोर्टर भरत सिंह चौहान जांजगीर-चांपा जिले के हथनेवरा स्थित महाराणा प्रताप चौक के पास एक होटल में चोरी का मामला सामने आया है। बीती रात अज्ञात चोरों ने लाला होटल का ताला तोड़कर गल्ले में रखे करीब 70 हजार रुपये चोरी कर लिए।
होटल संचालक लाला सिंह ठाकुर ने बताया कि गांव में चल रही भागवत कथा में शामिल होने के कारण वे रात में होटल बंद कर घर चले गए थे। सुबह करीब 6 बजे जब वे होटल पहुंचे तो दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर जांच करने पर गल्ले में रखी नकदी गायब थी।
घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने चांपा थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करने पर दो संदिग्ध युवक चोरी करते हुए दिखाई दिए हैं।
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी हुई है। घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में दहशत का माहौल है और उन्होंने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।



