जांजगीर-चांपा के Hulk Fitness Club के खिलाड़ियों ने एक बार फिर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर जिले और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। खिलाड़ियों ने 7वीं छत्तीसगढ़ राज्य पावरलिफ्टिंग बेंच प्रेस एंड डेडलिफ्ट रॉ एंड इक्विप्ड चैंपियनशिप 2026 में कुल 17 पदक अपने नाम किए। इनमें 11 स्वर्ण, 5 रजत और 1 कांस्य पदक शामिल हैं। प्रतियोगिता का आयोजन 9 से 10 मई तक मालखरौदा जिला सक्ती में किया गया था।
प्रतियोगिता में क्लब के खिलाड़ी समीर शुक्ला ने 75 किलो सीनियर इक्विप्ड कैटेगरी में 3 गोल्ड मेडल और स्ट्रांगमैन ट्रॉफी जीती। शानू कुमार ने 67.5 किलो सीनियर वर्ग में 2 गोल्ड, 1 सिल्वर और स्ट्रांगमैन ट्रॉफी अपने नाम की। रविंद्र पटेल ने जूनियर वर्ग में 2 गोल्ड, 1 ब्रॉन्ज और 2 स्ट्रांगमैन ट्रॉफी हासिल की। वहीं समीर कुमार ने जूनियर कैटेगरी में 3 सिल्वर मेडल जीते। अमित कुमार ने 75.5 किलो सीनियर वर्ग में 3 गोल्ड और यश कांसारी ने 82.5 किलो वर्ग में 1 गोल्ड व 1 सिल्वर पदक हासिल किया।
खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन अंतरराष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता के लिए भी किया गया है।
वहीं हाल ही में श्रीलंका में आयोजित वर्ल्ड चैंपियनशिप में भी क्लब के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ और भारत का नाम रोशन किया। शानू रॉय और सूर्यभान कुमार को छत्तीसगढ़ पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन द्वारा सम्मानित किया गया।
क्लब के कोच कैलाश वर्मा और किशन वर्मा के मार्गदर्शन में खिलाड़ी पावरलिफ्टिंग, वेटलिफ्टिंग, बॉडीबिल्डिंग और फिटनेस मॉडलिंग जैसे क्षेत्रों में लगातार सफलता हासिल कर रहे हैं। क्लब प्रबंधन ने कहा कि भविष्य में भी नई प्रतिभाओं को तैयार करने का सिलसिला जारी रहेगा।



