जर्जर बसंतपुर पुल बना खतरा, बड़े हादसे का इंतजार कर रहा प्रशासन?
जांजगीर-चांपा जिले में स्थित बसंतपुर पुल इन दिनों गंभीर खतरे का कारण बना हुआ है। सारंगढ़-बिलाईगढ़ और जांजगीर-चांपा को जोड़ने वाला यह महत्वपूर्ण पुल अब जर्जर हालत में पहुंच चुका है, जिससे हर दिन हजारों लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है।
पुल की स्थिति इतनी खराब हो गई है कि इसकी सतह जगह-जगह से उखड़ चुकी है। कई हिस्सों में बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जबकि लोहे की सरिए बाहर निकल आई हैं, जो किसी भी समय बड़े हादसे को जन्म दे सकती हैं। पुल से गुजरते समय वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर भारी वाहनों के गुजरने पर पुल में कंपन और दबाव साफ महसूस किया जा सकता है।
इसके बावजूद रोजाना इस पुल से ट्रक, बस और अन्य भारी वाहन बेखौफ गुजर रहे हैं, जिससे स्थिति और भी चिंताजनक हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार इस समस्या को प्रशासन के सामने उठाया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
बिर्रा क्षेत्र में लगातार सड़क हादसों की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिनका एक बड़ा कारण खराब सड़क और जर्जर पुल भी माना जा रहा है। लोगों का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर समस्या को नजरअंदाज कर रहे हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है? अगर समय रहते इस पुल की मरम्मत या पुनर्निर्माण नहीं किया गया, तो भविष्य में गंभीर दुर्घटना से इंकार नहीं किया जा सकता।
बसंतपुर का यह पुल क्षेत्र की लाइफलाइन है, लेकिन वर्तमान में यह लोगों के लिए खतरे का कारण बन गया है। अब देखना होगा कि इस गंभीर स्थिति पर प्रशासन कब जागता है और आम जनता को सुरक्षित आवागमन की सुविधा कब तक मिल पाती है।



