पलारी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: गांजा बेचते युवक गिरफ्तार, पुड़िया बनाकर कर रहा था बिक्री
बलौदाबाजार जिले के थाना पलारी पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम छेरकापुर से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी छोटे-छोटे पुड़िया बनाकर गांजा बेच रहा था, जिसे पुलिस ने रंगे हाथ पकड़ लिया।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 11 अप्रैल 2026 को पलारी पुलिस टीम ने ग्राम छेरकापुर में दबिश दी। इस दौरान आरोपी के घर की तलाशी लेने पर 60 ग्राम गांजा, जिसकी कीमत लगभग ₹3000 बताई जा रही है, बरामद किया गया। साथ ही बिक्री से प्राप्त ₹130 नगद भी जब्त किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी गांजा को छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर आसपास के लोगों को बेच रहा था। मामले में आरोपी के खिलाफ थाना पलारी में धारा 20B NDPS एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नरेन्द्र देवार (25 वर्ष), निवासी ग्राम छेरकापुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और मामले की विवेचना जारी है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।



