हसौद के छात्र लिकेश भार्गव ने विश्वविद्यालय में किया टॉप, 78.6% अंक से बढ़ाया क्षेत्र का मान


सक्ती। शासकीय नवीन महाविद्यालय हसौद के लिए गर्व का क्षण सामने आया है। महाविद्यालय के एम.ए. हिंदी साहित्य (चतुर्थ सेमेस्टर) के छात्र लिकेश भार्गव ने शहीद नंद कुमार पटेल विश्वविद्यालय, रायगढ़ की परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त कर न केवल अपने कॉलेज, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लिकेश भार्गव ने कुल 1600 अंकों में से 1249 अंक हासिल करते हुए 78.6 प्रतिशत अंक प्राप्त किए, जो इस सत्र में विश्वविद्यालय स्तर पर सर्वाधिक है। उनकी इस उपलब्धि से महाविद्यालय परिसर में हर्ष का माहौल है।
महाविद्यालय के प्राचार्य ने इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह परिणाम छात्र की लगन, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों को निरंतर प्रोत्साहित किया जाता है, जिससे वे उच्चतम उपलब्धियां हासिल कर सकें।
प्राध्यापकगणों ने भी लिकेश की मेहनत और समर्पण की सराहना करते हुए इसे अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक बताया। उनका कहना है कि लिकेश शुरू से ही मेधावी और परिश्रमी छात्र रहे हैं, जिन्होंने अपने लक्ष्य के प्रति दृढ़ संकल्प के बल पर यह सफलता अर्जित की है।
इस अवसर पर महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी खुशी जाहिर करते हुए लिकेश को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं, लिकेश के माता-पिता ने अपने पुत्र की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए शिक्षकों एवं महाविद्यालय प्रबंधन का आभार जताया।
महाविद्यालय प्रशासन ने इस उपलब्धि को पूरे संस्थान के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए अन्य विद्यार्थियों से भी प्रेरणा लेकर अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।



