नाबालिग बालिका अपहरण मामले में नवागढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुख्य आरोपी सहित दो गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा जिले में नाबालिग बालिका के अपहरण मामले में नवागढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित दो लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 6 मार्च 2026 की रात अज्ञात व्यक्ति द्वारा एक नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर अपहरण किए जाने की सूचना पर थाना नवागढ़ में अपराध क्रमांक 90/2026 धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों व पतासाजी के आधार पर आरोपी की तलाश तेज की। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि बालिका को उत्तराखंड के ऋषिकेश ले जाया गया है। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी नकुल कश्यप (27 वर्ष), निवासी झूलन थाना पामगढ़ के कब्जे से नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। अपहरण में सहयोग करने वाली एक युवती को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मणिकांत पांडे, प्रधान आरक्षक प्रेमलाल दिवाकर सहित नवागढ़ थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने मामले में आगे की विवेचना जारी होने की जानकारी दी है।



