धारदार हथियार लहराकर लोगों को डराने वाला युवक गिरफ्तार, पामगढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई
जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में राहगीरों को धारदार हथियार दिखाकर आतंक फैलाने वाले युवक को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। घटना ग्राम भैसो सेमरिया रोड की बताई जा रही है, जहां एक युवक लोहे का कत्तानुमा धारदार हथियार लहराकर लोगों को डरा-धमका रहा था।
मिली जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी निरीक्षक सावन कुमार सारथी के नेतृत्व में पामगढ़ पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक युवक सार्वजनिक मार्ग पर हथियार लेकर लोगों में भय का माहौल बना रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सागर प्रजापति उर्फ कौवा (20 वर्ष), निवासी ग्राम भैसो, थाना पामगढ़ के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से लोहे का धारदार कत्तानुमा हथियार बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सावन सारथी, सहायक उप निरीक्षक संतोष बंजारे, प्रधान आरक्षक राजेश कोशले, राघवेंद्र लहरे एवं भुवनेश्वर पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।



