रायगढ़ में महिला सुरक्षा पर सख्ती: बालिका से छेड़छाड़ और शादी का झांसा देकर शोषण मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में महिला थाना रायगढ़ ने महिला एवं नाबालिगों से जुड़े अपराधों पर त्वरित और सख्त कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराधों में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
पहले मामले में एक नाबालिग बालिका के पिता ने 2 फरवरी को शिकायत दर्ज कराई कि पिछले कई महीनों से एक युवक उनकी बेटी से संपर्क करने की कोशिश कर रहा था। 2 फरवरी की दोपहर बालिका घर से निकली लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। तलाश के दौरान परिजनों को वह जेलपारा क्षेत्र में मिली, जहां एक युवक को संदिग्ध स्थिति में पकड़ा गया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी कार्तिक तिवारी से बालिका की पहचान सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी। आरोपी उस पर शादी का दबाव बनाकर उसे अपने साथ ले जाने का प्रयास कर रहा था और अनुचित व्यवहार किया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
दूसरे मामले में एक युवती ने शिकायत दर्ज कराई कि बादल सिंह राजपूत ने शादी का झांसा देकर लंबे समय तक उसका शोषण किया और बाद में शादी से इंकार कर धमकी दी। रिपोर्ट दर्ज होते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिला सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे मामलों में शीघ्र गिरफ्तारी व कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। महिला थाना की टीम की सक्रिय भूमिका की भी सराहना की गई है।



