Cg News accident तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और बाइक की जोरदार टक्कर, बाइक सवार की मौत…
जगदलपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर कुदालगांव के पास गणतंत्र दिवस के दिन भीषण सड़क हादसा हुआ है,जिसमें तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और बाइक की आमने-सामने टक्कर में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
कैसे हुआ हादसा…
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन जगदलपुर से बस्तर की ओर जा रहा था, तभी बस्तर की तरफ से आ रही तेज रफ्तार बाइक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार उछलकर स्कॉर्पियो के बोनट पर जा गिरा। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस की कार्रवाई…
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। शव को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।पुलिस ने स्कॉर्पियो चालक को हिरासत में ले लिया है। समाचार लिखे जाने तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
24 घंटे में दूसरा बड़ा हादसा…
बीते 24 घंटे के भीतर यह दूसरी बड़ी सड़क दुर्घटना है। इससे पहले आसना चौक में दो बाइकों की आपस में भिड़ंत हो गई थी, जिसमें 2 लोगों की मौत और 2 अन्य घायल हो गए थे।वहीं सोमवार सुबह कुदालगांव के पास हुए इस हादसे में 1 व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि स्कॉर्पियो चालक को भी चोटें आई हैं।



