जांजगीर-चांपा में 12वीं के छात्र ने की आत्महत्या
4 पन्नों का सुसाइड नोट बरामद, न्यूवोको पब्लिक स्कूल के प्राचार्य व शिक्षक हटाए गए
जांजगीर-चांपा। जिले के आरसमेटा गांव से एक अत्यंत दुखद मामला सामने आया है। यहां 12वीं कक्षा के 18 वर्षीय छात्र कमलेश जायसवाल ने अपने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक के पास से 4 पन्नों का सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें न्यूवोको सीमेंट प्लांट द्वारा संचालित न्यूवोको पब्लिक स्कूल के प्राचार्य एवं एक शिक्षक पर मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
घटना का विवरण
मिली जानकारी के अनुसार, कमलेश जायसवाल रविवार रात घर के कमरे में सोने गया था। सोमवार सुबह करीब 9 बजे तक जब वह नहीं उठा तो परिजनों ने दरवाजा तोड़कर देखा, जहां वह फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
सुसाइड नोट में लगाए गए आरोप
सुसाइड नोट में मृतक छात्र ने लिखा है कि वह पिछले लगभग एक वर्ष से डिप्रेशन में था और मानसिक रूप से पूरी तरह टूट चुका था। नोट में उसने आरोप लगाया है कि जब वह 10वीं कक्षा में था, उस दौरान स्कूल प्राचार्य सुमंतो विश्वास और कक्षा शिक्षक अनुपम पाल द्वारा उसकी बातों को नहीं सुना गया और उसे बार-बार दोषी ठहराया गया।
छात्र ने यह भी उल्लेख किया है कि कुछ घटनाओं के बाद उसके साथ मारपीट तक कराई गई और शिकायत करने के बावजूद उसे न्याय नहीं मिला।
सुसाइड नोट में छात्र ने यह भावुक पंक्तियां भी लिखी हैं कि “जीते जी मुझे न्याय नहीं मिला, शायद मरने के बाद मिलेगा” और संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश
घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर सुबह 11 बजे से चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने दोषी शिक्षकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस व प्रशासन की कार्रवाई
मामला मुलमुला पुलिस थाना क्षेत्र का है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों व ग्रामीणों को समझाइश दी।
प्रशासनिक आश्वासन के बाद शाम करीब 4 बजे चक्का जाम समाप्त किया गया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
स्कूल प्रबंधन पर कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए न्यूवोको पब्लिक स्कूल के प्राचार्य सुमंतो विश्वास और शिक्षक अनुपम पाल को उनके पद से हटा दिया गया है। पुलिस ने बताया कि सुसाइड नोट सहित सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



