Big News तमनार हिंसा मामला: महिला आरक्षक पर हमले का मुख्य आरोपी गिरफ्तार,निकाला गया जुलू
रायगढ़ जिले के तमनार क्षेत्र में हुई हिंसा के दौरान एक महिला आरक्षक के साथ बर्बर मारपीट, जानलेवा हमला और वर्दी फाड़ने की घटना में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब तक इस मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार शाम करीब 4 बजे इस प्रकरण के मुख्य आरोपी चित्रसेन साव, निवासी झरना, को गिरफ्तार कर रायगढ़ लाया गया। आरोपी को हेमू कालानी चौक से चक्रधर नगर थाना तक जुलूस के रूप में ले जाया गया। इस दौरान आरोपी ने सार्वजनिक रूप से अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी। पुलिस का कहना है कि कानून के दायरे में रहते हुए आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस संवेदनशील मामले में पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिला पुलिसकर्मी पर हमला गंभीर अपराध है और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। अब तक की जांच में घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा चुके हैं और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस अधिकारियों ने यह भी बताया कि फरार आरोपी को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।
कार्रवाई के बाद महिला पुलिसकर्मियों ने मामले में हुई प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। पुलिस प्रशासन ने दोहराया कि महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी और किसी भी स्तर पर कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी है और सभी पहलुओं पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है।



