धमतरी।छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। सिहावा थाना क्षेत्र अंतर्गत एक दरगाह के पास अनियंत्रित होकर मोटरसाइकिल खेत में जा गिरी, जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान रामचरण नेताम (उम्र लगभग 25 वर्ष), निवासी ग्राम आमझर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रामचरण नेताम मड़ई मेला देखकर बाइक से अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान पोड़ा पार गांव के पास अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खेत में जा गिरी।
हादसा इतना भीषण था कि खेत में गिरते समय युवक की गर्दन बुरी तरह मुड़ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के लोगों ने घटना देखी और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया यह हादसा तेज रफ्तार या संतुलन बिगड़ने के कारण हुआ प्रतीत हो रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।



