करंट लगने से युवक की मौत: लक्ष्मी पूजा की शाम रंग-बिरंगी लाइटों की लेने गया था तस्वीर, आ गया चपेट में
नगरी। छत्तीसगढ़ की नगरी से दिवाली के पर्व पर लक्ष्मी पूजा की शाम की एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। जहां गांव के 20 वर्षीय गेविश देवांगन, पिता मिलाप देवांगन की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। यह पूरा मामला विकासखंड नगरी के ग्राम पंचायत सेमरा का है।
मिली जानकारी के अनुसार, दिवाली पर्व के अवसर पर गेविश देवांगन ने अपने घर को झालर और रंग-बिरंगी लाइटों से आकर्षक रूप से सजाया था। शाम के समय वे अपने घर की सजावट का फोटो लेने के उद्देश्य से पंचायत भवन के पास अपने ट्रैक्टर के ऊपर चढ़े हुए थे। इसी दौरान पंचायत भवन की दीवार पर रेलिंग लाईट लगा हुआ है। जिसमें लगे रेलिंग में विद्युत करंट प्रवाहित था, जो अनजाने में संपर्क में आ गया। करंट लगते ही गेविश मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा।
कुछ ही दिन पहले ही मनाया था अपना जन्मदिन
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नगरी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि, गेविश देवांगन कुछ ही दिन पहले अपना जन्मदिन बड़े हर्षोल्लास अपने परिवार और दोस्तों के साथ मनाया था। उसके असमय निधन की खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं और घर-घर मातम का माहौल छा गया।



