बिलासपुर सेक्शन के पांच स्टेशनों का रेलवे जीएम ने किया निरीक्षण, अमृत भारत स्टेशन योजना के कार्यों की गुणवत्ता देखी
बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर जोन के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने आज बिलासपुर- पेंड्रारोड सेक्शन के पांच स्टेशनों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत करगी रोड, सलकारोड, बेलगहना और खोडरी में चल रहे विकास कार्यों गुणवत्ता परखी। वहीं पेंड्रारोड स्टेशन में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा।
इन स्टेशनों का निरीक्षण किया
निरीक्षण के दौरान रेलवे जीएम ने विभिन्न स्टेशनों एवं मध्यवर्ती खण्डों का गहन अवलोकन करते हुए यात्री सुरक्षा तथा रेल परिचालन से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने खोडरी-खोंगसरा घाट सेक्शन का खासतौर पर निरीक्षण कर रेलवे सुरक्षा और संरक्षा मानकों का जायजा लिया । इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक बिलासपुर राजमल खोईवाल, प्रधान मुख्य इंजीनियर, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी(निर्माण), मुख्य प्रशासनिक अधिकारी आरएसपी, प्रधान मुख्य संकेत एवं दूरसंचार अभियंता, प्रधान मुख्य विद्युत अभियंता सहित मंडल के शाखाधिकारी उपस्थित थे।
महाप्रबंधक प्रकाश ने करगीरोड स्टेशन में स्टेशन परिसर, पेनल रूम, स्वच्छता के साथ ही स्लीपर प्लांट का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने सलकारोड़ स्टेशन ,बेलगहना रेलवे स्टेशन में यार्ड, क्रासिंग का संरक्षा निरीक्षण के साथ सिग्नल इंटरलाकिंग प्वांइट्स आदि का बारीकी से अवलोकन किया तथा सलकारोड–करगीरोड तीसरी रेल लाइन के निर्माण कार्यों का स्थल निरीक्षण करते हुये पेंड्रारोड स्टेशन पहुंचे।
पेंड्रारोड में यात्रियों से बातचीत की
पेंड्रारोड स्टेशन में उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत विकसित हो रहे यात्री सुविधाओं से जुड़े निर्माण एवं उन्नयन कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने स्टेशन परिसर, सर्कुलेटिंग एरिया, क्रू लॉबी तथा निर्माणाधीन ढाँचागत कार्यों के प्रगति की समीक्षा करते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन हेतु अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसी प्रकार उन्होंने खोडरी स्टेशन में सर्कुलेटिंग एरिया, पैनल रूम आदि का संरक्षा जायजा लिया।
टनल का बारीकी से जायजा लिया
महाप्रबंधक ने डाउन लाइन में स्थित टनल का बारीकी से जायजा लिया और टनल के पास स्थित रेलवे ब्रिज का परीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों से तकनीकी एवं परिचालन संबंधी विभिन्न विषयों पर चर्चा की और कार्यों में और अधिक तेजी लाने कहा।



