जांजगीर चांपा में खाद गोदाम सील, 213 बोरी उर्वरक जब्त:-निरीक्षण में मिली अनियमितताएं, राहौद के बीज विक्रेता पर भी कार्रवाई; 76.75 क्विंटल बीज के विक्रय पर रोक
जांजगीर-चांपा। खरीफ सीजन के दौरान किसानों को गुणवत्तायुक्त खाद और बीज उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पामगढ़ विकासखंड के खरौद स्थित एक उर्वरक गोदाम को सील कर दिया। निरीक्षण के दौरान भंडारण और अभिलेखों में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर 213 बोरी उर्वरक जब्त किए गए हैं।
उप संचालक कृषि राकेश शर्मा के नेतृत्व में 17 जून 2026 को विकासखंड स्तरीय निरीक्षक दल ने मेसर्स विकास ट्रेडर्स खरौद के उर्वरक गोदाम एवं विक्रय प्रतिष्ठान का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान पाया गया कि पॉस मशीन में दर्ज उर्वरकों और गोदाम में उपलब्ध वास्तविक उर्वरकों का मिलान नहीं हो रहा था। इसके अलावा प्रतिष्ठान में मूल्य सूची, लाइसेंस और निर्धारित मूल्य बोर्ड भी नियमानुसार प्रदर्शित नहीं किए गए थे।
निरीक्षण में गोदाम से 52 बोरी सिंगल सुपर फॉस्फेट (दानेदार), 53 बोरी सिंगल सुपर फॉस्फेट (पाउडर), 9 बोरी ट्रिपल सुपर फॉस्फेट, 78 बोरी एनपीके (5:15:0:10) तथा 21 बोरी यूरिया सहित कुल 213 बोरी उर्वरक जब्त कर सीलबंद कर दिया गया।
इसी दौरान कृषि विभाग की टीम ने राहौद स्थित मेसर्स गायत्री कृषि सेवा केंद्र का भी निरीक्षण किया। यहां बिना स्रोत प्रमाण पत्र के बीज विक्रय किए जाने की पुष्टि होने पर 76.75 क्विंटल बीज के विक्रय पर तत्काल प्रतिबंध लगा दिया गया।
उप संचालक कृषि राकेश शर्मा ने बताया कि खरीफ सीजन में किसानों को समय पर गुणवत्तायुक्त खाद एवं बीज उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए जिले के सभी निजी एवं सहकारी कृषि केंद्रों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि खाद और बीज के भंडारण, वितरण तथा विक्रय में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
कृषि विभाग की इस कार्रवाई के बाद जिले के खाद एवं बीज विक्रेताओं में हड़कंप मच गया है। वहीं किसानों ने विभाग की सक्रियता की सराहना करते हुए ऐसे निरीक्षण अभियान लगातार चलाने की मांग की है।



