कलेक्टर ने ली समय-सीमा की बैठक: जल जीवन मिशन और पीएम आवास में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में आज कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक ली। बैठक में कई अहम योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई और लापरवाही बरतने वालों को कड़ी चेतावनी दी गई।
बैठक में कलेक्टर ने जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, अनुकंपा नियुक्ति, और महतारी वंदन योजना समेत कई जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने साफ कहा कि जल जीवन मिशन और पीएम आवास योजना में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर घर जल योजना के अधूरे कार्यों को प्राथमिकता के साथ जल्द पूरा किया जाए। साथ ही अवैध खनन और अवैध शराब पर सख्त कार्रवाई के भी निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर ने आगामी खरीफ सीजन को ध्यान में रखते हुए खाद-बीज के भंडारण और किसानों तक पहुंच सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने ई-केवाईसी, आयुष्मान कार्ड, वय वंदन योजना और सिकल सेल सर्वे पर भी तेजी लाने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही बड़े उद्योगों में डिजास्टर मैनेजमेंट प्लान तैयार करने और सड़क निर्माण कार्यों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा भी बैठक में की गई। कलेक्टर ने लोक सेवा गारंटी के तहत आने वाले ई-डिस्ट्रीक्ट ऑनलाइन आवेदनों का भी समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।



