फांसी लगाकर आत्महत्या के लिए उकसाने:- चार आरोपी गिरफ्तार, सुसाइड नोट में दर्ज थे नाम
बलौदा बाजार ज़िले के बिटकुली गांव में आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक ने आत्महत्या से पहले एक सुसाइड नोट छोड़ा था, जिसमें उसने मारपीट और धमकियों का ज़िक्र करते हुए आरोपियों का नाम स्पष्ट किया था।
यह मामला 15 मार्च 2025 का है, जब अजय ध्रुव नामक युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मौके पर पहुंचे पुलिस दल को मृतक के पास से एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें चार लोगों के नाम दर्ज थे और लिखा था कि वे उसे लगातार मारपीट कर रहे थे और जान से मारने की धमकी दे रहे थे।
पुलिस ने मर्ग की जांच, पंचनामा कार्यवाही, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, गवाहों और मृतक के परिजनों के बयान के आधार पर यह पुष्टि की कि आत्महत्या से पहले रात 12 बजे चारों आरोपी मृतक के घर आए थे और पूर्व विवाद को लेकर उसे धमकाया व पीटा।
थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 484/2025 धारा 108, 296, 351(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। सभी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है।
गिरफ्तार किए गए आरोपी हैं –
1. गजानंद कुर्रे (45 वर्ष)
2. मानसिंग कुर्रे उर्फ चनकू (55 वर्ष)
3. मनहरन कुर्रे (48 वर्ष)
4. सचिन कुर्रे (23 वर्ष)
चारों आरोपी ग्राम बिटकुली के ही निवासी हैं। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।



