11 केवी तार के शॉर्ट सर्किट से लगी आग, टेलरिंग शॉप में भीषण नुकसान, 3 लाख का सामान खाक….
चांपा शहर के पदमिनी अनुपम टॉकीज के पास बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब हाई वोल्टेज तार के गिरने से एक टेलरिंग दुकान में भीषण आग लग गई। आगजनी की इस घटना में दर्जनों ग्राहकों के महंगे कपड़े जलकर खाक हो गए और दुकान मालिक को लगभग 3 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे ट्रांसफार्मर से जुड़े 11 केवी के तार टूटकर नीचे गिर गए, जो सीधे मनीष लेडिस टेल डिज़ाइन्स नामक दुकान के शटर से टकरा गए। शॉर्ट सर्किट की वजह से दुकान में आग भड़क गई और देखते ही देखते पूरा सामान चपेट में आ गया।
दुकान संचालक नवल बरेठ ने बताया कि आग के कारण 70-80 ग्राहकों के कपड़े, जो अधिकांशत: शादी-ब्याह के लिए सिलवाए जा रहे थे, जलकर नष्ट हो गए। इसके साथ ही दुकान की फॉल सीलिंग, दो पंखे और अन्य जरूरी उपकरण भी पूरी तरह से जल गए।
दुकानदार ने इस हादसे के लिए बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है और मांग की है कि संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक भारी नुकसान हो चुका था। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है और व्यापारी वर्ग में रोष व्याप्त है।



