सांसद प्रतिनिधि की सजगता से बड़ी कार्रवाई: अवैध रेत खनन पर छापा, एक हाइवा और चार ट्रैक्टर जब्त
जांजगीर-चांपा, 10 अप्रैल
छत्तीसगढ़ में सुशासन त्योहार की शुरुआत के साथ ही प्रशासनिक गतिविधियाँ तेज़ हो गई हैं। इसी क्रम में सांसद कमलेश जांगड़े के निर्देश पर उनके प्रतिनिधि अनुभव तिवारी ने गुरुवार सुबह बम्हनीडीह क्षेत्र के हसदेव नदी में अवैध रेत खनन पर बड़ी कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान चार ट्रैक्टर और एक हाइवा को जब्त कर सारागांव थाने के सुपुर्द किया गया।
जानकारी के अनुसार, हसदेव नदी से हर दिन सैकड़ों ट्रैक्टर रेत का अवैध उत्खनन कर रहे थे, जिससे सरकार को करोड़ों रुपए के राजस्व की हानि हो रही थी। सांसद प्रतिनिधि तिवारी ने तड़के 5 बजे खनिज विभाग के अधिकारियों के साथ छापेमारी की, जिससे रेत माफियाओं में हड़कंप मच गया। कई ट्रैक्टर मौके से फरार हो गए, जिससे खनिज विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।
सख्ती के बाद भी ढिलाई!
इस कार्रवाई से यह भी उजागर हुआ कि खनिज विभाग सालभर सिर्फ छोटे तस्करों पर कार्रवाई कर खुद को कर्मठ साबित करता रहा है, जबकि बड़े तस्करों पर अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं की गई है। सक्ती को जिला बने ढाई साल बीत चुके हैं, लेकिन विभाग ने अब तक किसी बड़े माफिया पर शिकंजा नहीं कसा है।
राजनीतिक संरक्षण पर भी सवाल
बताया जा रहा है कि अवैध रेत कारोबार में लिप्त कुछ लोगों का राजनीतिक दलों और संगठनों से संबंध है, जो प्रशासन पर दबाव बनाकर बेधड़क रेत खनन करते रहे। लेकिन इस अचानक छापेमारी ने पूरे नेटवर्क को चौंका दिया है।
सांसद का सख्त संदेश
सांसद कमलेश जांगड़े ने स्पष्ट किया है कि जिले में किसी भी प्रकार का अवैध कार्य बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इसी तरह की सघन कार्रवाई होती रहेगी।



