राहौद की होनहार छात्रा ने स्टेट लेवल प्रतियोगिता में जीता खिताब | विजुअल कम्पीटिशन में चैंपियन, लिस्निंग में फर्स्ट रनर-अप
रिपोर्टर भरत सिंह चौहान जांजगीर-चांपा/राहौद। जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण-राहौद क्षेत्र की 9 वर्षीय छात्रा रिद्धांशी साहू ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। महज तीसरी कक्षा में अध्ययनरत रिद्धांशी ने राज्य स्तरीय अबेकस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चैंपियन का खिताब अपने नाम किया है।
रायगढ़ स्थित अग्रोहा धाम में आयोजित स्टेट लेवल अबेकस प्रतियोगिता में रिद्धांशी साहू ने विजुअल कम्पीटिशन श्रेणी में चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। वहीं लिस्निंग कम्पीटिशन में फर्स्ट रनर-अप का स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। प्रतियोगिता में उनके प्रदर्शन ने निर्णायकों सहित उपस्थित लोगों को भी प्रभावित किया।
रिद्धांशी की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि उसने मात्र 10 मिनट में 200 गणितीय सवालों को हल कर अपनी असाधारण गणना क्षमता का परिचय दिया। इतनी कम उम्र में तेज मानसिक गणना और एकाग्रता का प्रदर्शन क्षेत्र के लिए गर्व की बात मानी जा रही है।
रिद्धांशी के माता-पिता ने बताया कि शुरुआत में वह एक सामान्य छात्रा की तरह पढ़ाई करती थी। हालांकि अबेकस प्रशिक्षण शुरू करने के बाद उसकी गणित में रुचि बढ़ी और उसने तेजी से अपनी क्षमता विकसित की। अब वह बड़े बच्चों के साथ भी प्रतिस्पर्धा कर बेहतर प्रदर्शन कर रही है।
अबेकस प्रशिक्षक रेणुका शर्मा ने बताया कि अबेकस प्रशिक्षण बच्चों की मानसिक क्षमता, स्मरण शक्ति, एकाग्रता और त्वरित गणना कौशल को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इससे बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ता है और वे पढ़ाई के अन्य विषयों में भी बेहतर प्रदर्शन करने लगते हैं।
रिद्धांशी की इस उपलब्धि से उसके परिवार, शिक्षकों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने उसे उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं और उसकी सफलता को क्षेत्र के अन्य बच्चों के लिए प्रेरणास्रोत बताया है।



