सूने मकान से चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार: चांदी के आभूषण, मूर्ति, घड़ी और नगदी समेत ₹20 हजार का सामान बरामद
जांजगीर-चांपा। सूने मकान में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए चांदी के आभूषण, चांदी के सिक्के, मूर्ति, घड़ियां और नगदी समेत करीब 20 हजार रुपए का सामान बरामद किया गया है। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 305(ए), 331(3) के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, बनारी निवासी शुभ्रकांत पाण्डेय 15 सितंबर की सुबह करीब 10 बजे निजी काम से जांजगीर गए थे। दोपहर करीब 3:15 बजे वापस लौटे तो घर के पीछे का दरवाजा टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो अलमारी का ताला भी टूटा हुआ था। अलमारी में रखी चांदी की पायल, सिक्के, मूर्ति और नगदी रकम सहित करीब 20 हजार रुपए की सामग्री गायब थी।
शिकायत पर जांजगीर थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 749/26 दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस
विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर पुलिस ने नैला निवासी क्रांति राठौर (30) को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार की। उसके मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने उसके कब्जे से चांदी की पायल, राधा-कृष्ण की मूर्ति, चांदी का सिक्का, टाइटन की घड़ी, डिजिटल घड़ी, अन्य सिक्के और नगदी रकम बरामद की। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 20 हजार रुपए बताई गई है।
न्यायिक रिमांड पर भेजा गया..
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ अपराध में पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जांजगीर निरीक्षक जय प्रकाश गुप्ता, उप निरीक्षक दिलीप सिंह, प्रधान आरक्षक प्रकाश राठौर और भीम श्रीवास का सराहनीय योगदान रहा।



