शिवरीनारायण थाने में शिकायत दर्ज, जांच की मांग; भाजपा नेताओं ने आरोपों को बताया निराधार…….
जांजगीर-चांपा। शिवरीनारायण थाना क्षेत्र में महानदी से कथित अवैध रेत उत्खनन और परिवहन को लेकर विवाद सामने आया है। वार्ड क्रमांक 12 क्षेत्र में ट्रैक्टरों से रेत परिवहन किए जाने के आरोपों के बीच एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो को लेकर भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री ललित कश्यप पर रेत परिवहन करने वालों से पैसे लेने के आरोप लगाए जा रहे हैं। मामले में शिवरीनारायण थाने में लिखित शिकायत देकर जांच की मांग की गई है।
शिकायतकर्ताओं के अनुसार महानदी क्षेत्र में बड़ी संख्या में ट्रैक्टरों से रेत का परिवहन किया जा रहा था। मौके पर पहुंचे भाजपा और कांग्रेस से जुड़े पार्षदों एवं उनके समर्थकों ने कथित रेत उत्खनन बंद कराने की मांग की। इसी दौरान ट्रैक्टर चालकों से पूछताछ किए जाने पर कथित तौर पर वसूली को लेकर जानकारी सामने आने का दावा किया गया।
थाने में पांच बिंदुओं पर शिकायत………………………
नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शिव शंकर सोनी सहित अन्य लोगों ने शिवरीनारायण थाने में पांच बिंदुओं को लेकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में कथित अवैध रेत उत्खनन और परिवहन की जांच कराने तथा अवैध वसूली पर रोक लगाने की मांग की गई है।
वायरल वीडियो में पैसों के लेन-देन से संबंधित बातचीत होने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और उसमें कही गई बातों की सत्यता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
खनिज विभाग की कार्रवाई पर भी सवाल…………….
मामले को लेकर खनिज विभाग की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि महानदी से रेत के कथित अवैध उत्खनन और ट्रैक्टरों से परिवहन के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। अब मांग की जा रही है कि वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर प्रशासन पूरे मामले की जांच करे तथा यदि अवैध उत्खनन या परिवहन की पुष्टि होती है तो संबंधित वाहनों और लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
वर्जन..भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष आकाश सिंह ने लगाए गए आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि ट्रैक्टर चालकों पर नाम लेने के लिए दबाव बनाया गया है।
वर्जन..भाजपा युवा मोर्चा जिला महामंत्री ललित कश्यप ने आरोपों को राजनीतिक षड्यंत्र बताया। उन्होंने कहा कि यह दो भाजपा पार्षदों के बीच का विवाद है और उन्हें राजनीतिक रूप से फंसाने का प्रयास किया जा रहा है। कश्यप ने महानदी में कथित अवैध रेत उत्खनन में किसी भी तरह की संलिप्तता से इनकार किया है।
अब शिकायत, वायरल वीडियो और मौके पर रेत उत्खनन-परिवहन की स्थिति की जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविकता सामने आ सकेगी।



