शराब के लिए पैसे नहीं देने पर पत्नी की हत्या, फिर पति ने की खुदकुशी – बिलासपुर में दिल दहला देने वाली वारदात…
बिलासपुर जिले के बेलगहना चौकी क्षेत्र के ग्राम उमरिया से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर एक व्यक्ति ने पहले अपनी पत्नी की हत्या कर दी और फिर खुद भी आत्महत्या कर ली।
मृतक की पहचान 55 वर्षीय सुखसिंह बैगा के रूप में हुई है, जिसने आपसी विवाद में टांगी से वार कर अपनी पत्नी कुंवरिया बाई बैगा की हत्या कर दी।
यह घटना 7 अप्रैल 2025 को सामने आई, जब ग्राम सरपंच रामेश्वर कुजूर ने इसकी सूचना बेलगहना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतिका के पुत्र चुन्नीलाल बैगा से पूछताछ की, जिसमें घटना की पुष्टि हुई।
पुलिस और फॉरेन्सिक टीम ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया और हत्या में प्रयुक्त टांगी, खून से सने कपड़े, टूटी चूड़ियां, मिट्टी आदि सबूत जब्त किए। हत्या के बाद आरोपी सुखसिंह ने आत्मग्लानि में आकर घर में ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस ने मामले में दो अलग-अलग मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए CHC कोटा भेजा है। जांच में एसडीओपी नूपुर उपाध्याय सहित फॉरेन्सिक टीम, उप निरीक्षक भावेश शेंडे, एएसआई मोतीलाल सूर्यवंशी और अन्य स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



