बाईपास ओवरब्रिज पर दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को मारी टक्कर, युवक की मौके पर मौत….
बिलासपुर से बड़ी खबर सामने आ रही है। सकरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत तिवारी पारा सैदा ओवरब्रिज के पास नेशनल हाईवे पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। ग्राम भाडम निवासी 35 वर्षीय चेतन सिंह सिंगौर की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई।
चेतन सिंह अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 U 8117 से किसी काम से निकले थे, तभी सुबह करीब 7 बजे यह हादसा हुआ।
ग्राम लमेर निवासी लक्ष्मण रजक ने चेतन के छोटे भाई देवेंद्र सिंह को फोन कर हादसे की सूचना दी। चेतन को गंभीर चोटें आई थीं – सिर, नाक और पैरों में काफी खून बह चुका था।
परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और 108 एंबुलेंस की सहायता से चेतन को सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने अज्ञात वाहन चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने देवेंद्र सिंह की शिकायत पर धारा 106(1)-BNS के तहत मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।



