ग्राम खिलोरा मारपीट प्रकरण: फरार आरोपी रौनक अग्रवाल गिरफ्तार, मध्यप्रदेश से लौटते समय पुलिस ने दबोचा
बलौदाबाजार-भाटापारा,
ग्राम खिलोरा के एक युवक के साथ हुई मारपीट और गाली-गलौज के प्रकरण में फरार चल रहे आरोपी रौनक अग्रवाल को पुलिस ने बैतूल, मध्यप्रदेश से लौटते वक्त गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले इस प्रकरण में तीन आरोपी पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजे जा चुके थे।
क्या है मामला?
प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 1 अप्रैल 2025 की रात करीब 12:30 बजे, वह डांस प्रतियोगिता देखकर घर लौट रहा था। इसी दौरान आरोपी शत्रुघ्न नवरंगे ने उसे जान से मारने की धमकी देते हुए जबरन अपनी स्कूटी में बैठाया और अपने घर ले गया। वहां मौजूद अन्य आरोपियों के साथ मिलकर लाठी-डंडों, जूते-चप्पलों से उसकी बुरी तरह पिटाई की गई और अश्लील गालियाँ दी गईं।
इस पर थाना हथबंद में अपराध क्रमांक 66/2025 के तहत बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज किया गया। घटना के बाद तीन आरोपियों को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया, लेकिन रौनक अग्रवाल फरार चल रहा था।
घोषणा और गिरफ्तारी
पुलिस ने लगातार आरोपी की तलाश जारी रखी और 8 अप्रैल को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय से आरोपी के खिलाफ उद्घोषणा जारी की गई। पुलिस को सूचना मिली कि रौनक अग्रवाल बैतूल (म.प्र.) से बलौदाबाजार की ओर लौट रहा है। सूचना के आधार पर एसडीओपी भाटापारा श्री तारेश साहू के नेतृत्व में टीम ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
अदालत में पेश
पूछताछ में रौनक अग्रवाल ने खोरबाहरा प्रसाद जायसवाल के साथ मारपीट और गाली-गलौज की बात कबूली है। पुलिस ने उसे 9 अप्रैल को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया।
गिरफ्तार आरोपी:
रौनक अग्रवाल (उम्र 26 वर्ष)
निवासी – शीतला पारा, वृंदावन कॉलोनी, तिल्दा-नेवरा, जिला रायपुर



