अकलतरा में दिनदहाड़े चोरी: घर का ताला तोड़कर अज्ञात चोर 86 हजार के गहनों और नगदी पर किया हाथ साफ….
जांजगीर-चांपा जिला अंतर्गत अकलतरा थाना क्षेत्र चोरी की घटना सामने आई है। वार्ड क्रमांक 11, आजाद चौक अकलतरा निवासी और श्रेष्ठ अस्पताल में आरएमओ के पद पर कार्यरत डॉक्टर अपने परिवार सहित दिनांक 2 अप्रैल को बलौदा गए हुए थे। उन्होंने अपने मकान में ताला लगाया था।
5 अप्रैल की सुबह वे घर लौटे और गमलों में पानी डालकर अन्य कार्यों के बाद दोबारा ताला लगाकर चले गए। लेकिन 6 अप्रैल की शाम लगभग 6 बजे उनके भतीजे दक्ष सिंह ने फोन कर जानकारी दी कि घर का ताला टूटा हुआ है।
डॉक्टर जब मौके पर पहुंचे, तो देखा कि मुख्य गेट और मकान के मेन दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा गया कि बेडरूम की अलमारी और लॉकर भी तोड़ा गया है।
चोर अलमारी में रखे पुराने इस्तेमाली सोने और चांदी के आभूषणों सहित लगभग ₹80,000 के कीमती सामान और ₹6,000 की नगदी चोरी कर ले गए।
आभूषणों में सोने की चेन, अंगूठियां, झुमका, मंगलसूत्र, कंगन, मांग टीका, चांदी के बर्तन, पायल और अन्य पारंपरिक जेवरात शामिल हैं।
पीड़ित द्वारा आसपास में पूछताछ और खोजबीन की गई, लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं मिल पाया। पीड़ित ने अकलतरा थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।



