अश्लील मैसेज और कॉल कर महिला को कर रहा था परेशान, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार….
भाटापारा शहर पुलिस ने साइबर अपराध के एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो एक महिला को लगातार अश्लील मैसेज, आपत्तिजनक फोटो और कॉल कर मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 17 मार्च 2025 को एक महिला ने थाना भाटापारा शहर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 27 जनवरी 2025 से 17 मार्च 2025 के बीच अज्ञात व्यक्ति द्वारा विभिन्न मोबाइल नंबरों से उसे अश्लील संदेश, भद्दे फोटो और कॉल किए जा रहे थे।
प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए थाना भाटापारा शहर में अपराध क्रमांक 156/2025 के तहत धारा 78(2), 79 बीएनएस एवं 67 आईटी एक्ट के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई।
तकनीकी विश्लेषण और सायबर टीम की मदद से आरोपी की पहचान हिमांशु देवदास उर्फ आकाश (उम्र 26 वर्ष), निवासी वीर नारायण सिंह वार्ड, भाटापारा के रूप में की गई। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अश्लील मैसेज, चैटिंग और कॉल करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसके पास से अपराध में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी को 08 अप्रैल 2025 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत माननीय न्यायालय में प्रस्तुत करने की तैयारी कर ली है।
भाटापारा शहर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सकारात्मक संदेश गया है और साइबर अपराधियों के खिलाफ कड़ा संदेश भी।



