पत्नी पर चरित्र संदेह कर हसिया से गला रेतकर हत्या करने वाला आरोपी पति गिरफ्तार
सक्ति। जिले के नगरदा थाना क्षेत्र में पति ने अपनी पत्नी की हसिया से गला रेतकर हत्या कर दी। आरोपी अपनी पत्नी के चरित्र पर शंका करता था। नगरदा पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
घटना 6 अप्रैल की रात की है। मृतिका के बेटे दिलहरन उरांव ने थाना नगरदा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि रात लगभग 9 बजे वह परिवार सहित भोजन कर सो गया था। रात लगभग 11:40 बजे उसके पिता ठंडी राम उरांव ने उसे जगाकर बताया कि उन्होंने उसकी मां फुलेश्वरी बाई को हसिया से मार दिया है। जब वह मौके पर पहुंचा तो देखा कि उसकी मां जमीन पर खून से लथपथ पड़ी थी और गले पर गहरी चोट थी। तत्पश्चात परिजनों व पड़ोसियों को सूचित किया गया, लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी।
आरोपी ठंडी राम उरांव अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था, जिसके कारण आए दिन विवाद होते रहते थे। उसी संदेह के चलते उसने हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त हसिया को जब्त किए। वही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।