पूर्व रंजिश में घर पर हमला करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, जामुल पुलिस ने धारदार हथियार भी किया जब्त
दुर्ग। जामुल थाना पुलिस ने पूर्व विवाद के चलते एक महिला के घर पहुंचकर गाली-गलौज, मारपीट, जान से मारने की धमकी और तोड़फोड़ करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक धारदार हथियार भी बरामद कर जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई 2026 की रात करीब 11:30 बजे घासीदास नगर अटल आवास निवासी श्रीमती लक्ष्मी यादव ने थाना जामुल में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि पुराने विवाद को लेकर कुछ लोग उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। आरोपियों ने घर के दरवाजे, खिड़की के कांच, बिजली मीटर समेत अन्य सामान में भी तोड़फोड़ की तथा जान से मारने की धमकी दी।
शिकायत के आधार पर थाना जामुल में अपराध क्रमांक 475/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं तथा आर्म्स एक्ट के तहत मामला कायम किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी पी. शेखर (22) और अभिषेक सिंह उर्फ मेडी (19) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने पुरानी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार बरामद किया और दोनों को न्यायालय में पेश किया।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी विवाद का समाधान कानूनसम्मत और शांतिपूर्ण तरीके से करें तथा आपराधिक गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।



