जांजगीर चांपा में स्कूल और सूने मकानों में चोरी :- 4 आरोपी गिरफ्तार, लाखों का सामान बरामद
जांजगीर-चांपा जिले की चांपा पुलिस ने क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं में चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार की है। चांपा पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1 लाख 3 हजार 200 रुपए मूल्य का चोरी का सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार पहला मामला भोजपुर स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला का है, जहां अज्ञात चोरों ने खिड़की तोड़कर स्कूल में प्रवेश किया और कंप्यूटर प्रोजेक्टर, दो सिलिंग फैन तथा बीएसएनएल वाई-फाई राउटर सहित करीब 40 हजार रुपए का सामान चोरी कर लिया।
दूसरी घटना बेलदारपारा चांपा में सामने आई, जहां सूने मकान का ताला तोड़कर एलईडी टीवी, पीतल-कांसे के बर्तन, साड़ी, घड़ी, आयरन और नगदी रकम पार कर दी गई। वहीं भोजपुर स्थित संकुल केंद्र से भी एलईडी टीवी, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, कूलर मोटर और अन्य सामान चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी।लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए चांपा पुलिस ने जांच शुरू की। इस दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ युवक चोरी के सामान को बेचने की कोशिश कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर चार युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अलग-अलग स्थानों पर चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में यश मिरी, अभिषेक मिरी, आशीष धीवर और नितेश कुर्रे शामिल हैं। सभी आरोपी चांपा क्षेत्र के रहने वाले हैं। आरोपियों के पास से 2 एलईडी टीवी, कांसा बर्तन, वाई-फाई राउटर, प्रोजेक्टर, बैटरी और टुल्लू पंप सहित कुल ₹1,03,200 का सामान जब्त किया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।



