जर्वे में पंचायत चुनाव का आखिरी दौर: 2405 मतदाताओं के लिए चार महिला प्रत्याशी मैदान में, शाम 5 बजे थमेगा प्रचार
मनीष कुमार चंद्रा | जांजगीर-चांपा
जांजगीर-चाम्पा जिले के बलौदा ब्लॉक स्थित जर्वे गांव में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के अंतिम चरण का प्रचार अंतिम चरण में है। जिला मुख्यालय से मात्र 4 किलोमीटर दूर स्थित इस गांव में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है।
गांव की समस्याओं के समाधान के लिए चार महिला प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनमें से ताला-चाबी चुनाव चिह्न वाली प्रत्याशी उत्तरा कमल कश्यप ने गाजे-बाजे के साथ महिलाओं की रैली निकालकर जनसमर्थन मांगा। वे 2405 मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए घर-घर जाकर प्रचार कर रही हैं।
जिला मुख्यालय के नजदीक होने के बावजूद गांव की सड़कें बदहाल हैं। यहां बिजली, पानी और नालियों की समस्या है। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभभी ग्रामीणों को नहीं मिल पाया है। उत्तरा कमल कश्यप ने कहा कि गांव विकास से बहुत पीछे है। उन्होंने जीत के बाद गांव में हाई स्कूल खुलवाने, सड़क, बिजली, पानी और नालियों की समस्या दूर करने का वादा किया है। साथ ही सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने की बात कही है।