*पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय सक्ति में जिले के विद्यार्थियों की प्रेरणा उत्सव कार्यक्रम में उत्साहपूर्ण सहभागिता*
———————————–
*सीबीएसई, प्राइवेट एवं राज्य शासकीय विद्यालयों के छात्रों ने लिया भाग*
————————————-

भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के अंतर्गत नवोदय विद्यालय समिति द्वारा संचालित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय चिस्दा, सक्ति में जिले के विद्यार्थियों की व्यापक सहभागिता के साथ प्रेरणा उत्सव कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में सक्ति जिले के समस्त सीबीएसई एफिलिएटेड विद्यालयों, छत्तीसगढ़ शासन के शासकीय विद्यालयों एवं निजी मान्यता प्राप्त विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
यह कार्यक्रम भारत सरकार, नवोदय विद्यालय समिति के कमिश्नर श्री राजेश लखानी (आईएएस), जिला कलेक्टर एवं वीएमसी अध्यक्ष श्री अमृत विकास तोपनो (आईएएस), उप आयुक्त श्री आर.के. वर्मा, क्लस्टर इंचार्ज श्रीमती दीक्षा ज्योति मिश्रा तथा जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती कुमुदिनी वाघ द्विवेदी के निर्देशन एवं नोडल विद्यालय के प्राचार्य डॉ. डी.के. ठाकुर के समन्वय में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। प्रेरणा कार्यक्रम की निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार विद्यार्थियों के लिए विभिन्न स्किल आधारित गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतिम चरण में योग्य निर्णायकों द्वारा साक्षात्कार के माध्यम से विद्यार्थियों का चयन किया गया।
विषय विशेषज्ञ निर्णायकों द्वारा जिले से आए प्रतिभागी विद्यार्थियों में से 30 विद्यार्थियों का चयन कर उनका नाम प्रेरणा पोर्टल पर अपलोड किया गया।
पूरी प्रतियोगिता सौहार्दपूर्ण, अनुशासित एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुई। जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए अनुरक्षक शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी विद्यालय प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं से अत्यंत संतुष्ट दिखाई दिए।
कार्यक्रम का संचालन प्रेरणा उत्सव समन्वयक एवं पीजीटी रसायन श्री के.के. पटेल द्वारा किया गया, जो प्रेरणा प्रोग्राम के राष्ट्रीय स्तर के मेंटर भी रह चुके हैं। उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य युवाओं को 21वीं सदी के कौशल से सशक्त बनाना, भावनात्मक कल्याण को बढ़ावा देना तथा सामाजिक सुधार के प्रति प्रतिबद्धता विकसित करना है।
कार्यक्रम में अकादमिक प्रभारी डॉ. एस.के. कश्यप, श्री बी.आर. पटेल एवं श्रीमती झरना देवांगन ने निर्णायक की भूमिका निभाई। इसके अतिरिक्त नोडल विद्यालय की हिंदी शिक्षिका श्रीमती वर्षा सिंह, अंग्रेजी शिक्षक श्री चंडी हलधर, संगीत शिक्षक श्री सुभाष चंद्र तथा समस्त शैक्षिक एवं गैर-शैक्षिक स्टाफ के सहयोग से कार्यक्रम का सफल आयोजन संभव हो पाया।
समापन अवसर पर मुख्य अतिथि एवं विद्यालय के प्राचार्य डॉ. डी.के. ठाकुर ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को आशीर्वचन देते हुए इस कार्यक्रम को विद्यार्थियों के लिए लाइफ चेंजिंग अवसर बताया। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए जिले से पधारे सभी व्याख्याताओं, निर्णायकों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यालय स्टाफ एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।



