गणेश उत्सव को लेकर समिति सदस्यों की बैठक, सुरक्षा और ध्वनि व्यवस्था के दिए निर्देश
हसौद | गणेश उत्सव को लेकर शनिवार को सुबह 11 बजे कार्यपालिक मजिस्ट्रेट हसौद की उपस्थिति में थाना क्षेत्र के ग्राम कोटवारों और गणेश उत्सव समितियों के सदस्यों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में गणेश पंडालों की सुरक्षा, बिजली व्यवस्था, सीसीटीवी, ध्वनि नियंत्रण और विसर्जन के दौरान सुरक्षा को लेकर समितियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

बैठक में स्पष्ट किया गया कि किसी भी पंडाल का निर्माण बिजली के पोल के नीचे नहीं किया जाए और बिजली की हुकिंग कर कनेक्शन न लिया जाए। पंडालों में बिजली व्यवस्था के लिए बिजली विभाग से टीसी कनेक्शन लेने के निर्देश दिए गए। डेकोरेशन और लाइटिंग में जॉइंट तारों का उपयोग होने पर उन्हें अच्छी तरह टेप से सुरक्षित करने को कहा गया।
सुरक्षा के मद्देनजर प्रत्येक गणेश पंडाल में कम से कम दो सीसीटीवी कैमरे लगाने और दिन-रात कम से कम दो लोगों की मौजूदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मूर्ति के चारों ओर करीब 10 फीट की दूरी पर जालीदार तार लगाने को कहा गया, ताकि कोई जानवर पंडाल में प्रवेश न कर सके।
सड़क पर न लगाएं पंडाल, ध्वनि पर भी नियंत्रण
समितियों को पंडाल सड़क पर नहीं लगाने और पूजा-अर्चना के दौरान मार्ग व्यवस्था बाधित नहीं होने देने के निर्देश दिए गए। साउंड सिस्टम का उपयोग निर्धारित नियमों के अनुसार कम आवाज में करने तथा कोलाहल अधिनियम का पालन करने को कहा गया। स्कूली बच्चों की पढ़ाई के समय साउंड सिस्टम का उपयोग नहीं करने की हिदायत दी गई। पंडाल अथवा अन्य कार्यक्रमों में आपत्तिजनक गाने नहीं बजाने के निर्देश भी दिए गए।
विसर्जन में डीजे नहीं, पारंपरिक वाद्ययंत्रों पर जोर
गणेश विसर्जन के दौरान सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। नशे की हालत में किसी व्यक्ति को पानी में जाने नहीं देने को कहा गया। विसर्जन में डीजे का उपयोग नहीं करने तथा अधिक से अधिक ढोल, मंजीरा और मांदर जैसे पारंपरिक वाद्ययंत्रों का उपयोग करने की बात कही गई।
बैठक में प्रत्येक गणेश समिति के सदस्यों के नाम और मोबाइल नंबर ग्राम कोटवार के पास दर्ज कराने तथा कार्यक्रमों के दौरान पर्याप्त संख्या में वालंटियर नियुक्त करने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने समितियों से गणेश उत्सव के दौरान सुरक्षा और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की।



