दरिंदों से बचने के लिए Raveena Tandon हर रोज बदलती थीं होटल रूम, एक्ट्रेस का शॉकिंग खुलासा
नई दिल्ली। ग्लैमर से भरी फिल्म इंडस्ट्री में अभिनेत्रियों की सेफ्टी पर हमेशा से ही एक सवाल उठते आए हैं। कास्टिंग काउच या फिर सेट पर एक्ट्रेसेस के साथ बदसलूकी का मामला अक्सर लोगों का ध्यान खींचता है। कुछ अभिनेत्रियां इन चीजों से बचने के लिए सावधानियां बरतती हैं। 90 के दशक में रवीना टंडन (Raveena Tandon) ने भी खुद की सेफ्टी के लिए सावधानियां बरती थीं।
रवीना टंडन आज किसी परिचय की मोहताज नहीं हैं। उन्होंने कई सुपरहिट मूवीज में अपनी अदाकारी और खूबसूरती से दर्शकों का दिल चुराया है। पर्दे पर उनका चार्म हर किसी का मन-मोह लेता था। 90 के दशक में वह सबसे डिमांडिंग एक्ट्रेसेस में शुमार थीं। हाल ही में रेणुका शहाणे (Renuka Shahane) ने बताया है कि रवीना खुद के बचाव के लिए क्या एहतियात करती थीं।
क्यों हर रोज कमरा बदलती थीं रवीना टंडन?
रेणुका शहाणे ने स्क्रीन के साथ बातचीत में रवीना टंडन से जुड़ा किस्सा शेयर किया है। उन्होंने बताया कि वह आउटडोर शूट के लिए हर दिन अपना होटल रूम चेंज करती थीं, ताकि वह दरिंदों से खुद को बचा सके। बकौल एक्ट्रेस, “रवीना एक बड़ी हीरोइन थीं और वह इंडस्ट्री से ही थीं, लेकिन उन्होंने मुझे बताया था कि आउटडोर शूट के दौरान हम हर दिन कमरे बदलते थे ताकि किसी को पता न चले कि हम किस कमरे में रुके हैं। ताकि वे आकर कोई प्रॉब्लम क्रिएट न करें।”
हीरोइनों को सेट पर किया जाता है परेशान?
उनका कहना था कि एक्ट्रेसेस के दरवाजे पर अक्सर रात में मेल एक्टर्स, प्रोड्यूसर्स वगैरह दस्तक देते थे और सावधानियां भी काम नहीं आती थीं। रेणुका यह सुनकर एकदम शॉक हो गई थीं। रेणुका ने इसी इंटरव्यू में रिवील किया कि एक शादीशुदा प्रोड्यूसर ने उन्हें साड़ी ब्रांड का एंबेसडर बनाने के लिए एक महीने तक उनके साथ रहने की शर्त रखी थी। वह इसके लिए उन्हें पैसे देने के लिए भी तैयार था।



