जांजगीर-चांपा में सड़क सुरक्षा की नई पहल, अब वाहनों पर भी लगाई जा रही रेडियम रिफ्लेक्टिव पट्टियां
जांजगीर-चांपा। जिले में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और रात्रिकालीन यातायात को अधिक सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से रेडियम रिफ्लेक्टिव पट्टी लगाने का अभियान लगातार जारी है। घुमंतू और निजी पशुओं के गले में रेडियम पट्टियां लगाने के बाद अब जिले में ट्रेलर, हाइवा, ट्रैक्टर, ऑटो, स्कूल वैन सहित अन्य वाहनों पर भी रेडियम पट्टियां लगाने का कार्य शुरू कर दिया गया है।
अभियान से जुड़े सदस्यों ने बताया कि रात के समय कई बार भारी वाहनों के पीछे चल रहे वाहन चालकों को आगे चल रहे वाहन स्पष्ट दिखाई नहीं देते, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। वाहनों पर रेडियम रिफ्लेक्टिव पट्टियां लगाए जाने से वे दूर से ही दिखाई देने लगेंगे और दुर्घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है।
टीम ने बताया कि यह अभियान पूरी तरह जनजागरूकता के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। किसी भी वाहन चालक पर दबाव डालकर या वाहन रोककर पट्टियां नहीं लगाई जा रही हैं, बल्कि वाहन मालिकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक कर उनकी सहमति से रेडियम पट्टियां लगाई जा रही हैं।
अभियान संचालकों ने बताया कि इस पहल को जिला प्रशासन का सहयोग मिल रहा है। उनका कहना है कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि समाज की भी सामूहिक जिम्मेदारी है और इस अभियान से जिले में सड़क हादसों में कमी लाने में मदद मिलेगी।

